गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

देवास। संस्था युवा राधे द्वारा संचालित ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत मंगलवार को गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं उपचार की मांग को लेकर शहर में रैली निकाली गई। रैली के बाद जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें गौमाता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने सहित गौ संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।

रैली की शुरुआत गवली मोहल्ला स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुई। संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य गौमाता के साथ पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में घायल एवं निराश्रित गौवंश के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित गौशालाओं की स्थापना, शासकीय पशु चिकित्सालयों में समुचित उपचार व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गौवंश के त्वरित उपचार के लिए विशेष गौ एम्बुलेंस सेवा शुरू करने, गौवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में गौ संरक्षण के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने का आग्रह भी किया गया।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए शासन एवं समाज दोनों को मिलकर ठोस और प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता है। संस्था ने ज्ञापन के माध्यम से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।




