34 साल 7 माह की सेवा के बाद अशोक वर्मा सेवानिवृत्त, स्वास्थ्य विभाग ने दी भावभीनी विदाई


सीएमएचओ कार्यालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठनों ने किया अभिनंदन
देवास। स्वास्थ्य विभाग में करीब 34 वर्ष से अधिक समय तक अपनी सेवाएं देने वाले सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 श्री अशोक वर्मा के 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। सीएमएचओ कार्यालय, सिविल सर्जन कार्यालय, जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्ड एवं सेक्शन के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, अन्य विभागों के कर्मचारी एवं परिजन समारोह में शामिल हुए और श्री वर्मा को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बेक एवं सिविल सर्जन डॉ. आर.पी. परमार ने श्री अशोक वर्मा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं श्री गंगासिंह सोलंकी, श्री रामस्वरूप कहार, श्री नरेंद्र सिंह राजपूत सहित कर्मचारी संगठनों की ओर से पुष्पमाला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
कोरोना काल में 24 घंटे अलर्ट रहकर दी सेवाएं
समारोह में वक्ताओं ने श्री वर्मा के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि कोरोना जैसी महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में श्री वर्मा ने लगातार अलर्ट रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अधिकारियों ने उनके व्यवहार-कौशल और सभी वर्ग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय के लिए भी उनकी प्रशंसा की।
1992 में हुई थी शासकीय सेवा की शुरुआत
श्री अशोक वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वे 30 जनवरी 1992 को जिला चिकित्सालय देवास में पदस्थ हुए थे। वर्ष 2010 में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदोन्नति हुई। उन्होंने जिला चिकित्सालय देवास में 10 वर्ष से अधिक समय तक प्रभारी स्टीवर्ड के रूप में कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। इसके साथ ही कर्मचारी संगठनों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और तृतीय वर्ग कर्मचारी संगठन एवं संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में कर्मचारी हितों के लिए कार्य किया।
34 साल 7 माह 1 दिन की सेवा पूर्ण की
श्री वर्मा ने शासकीय सेवा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सौंपे गए विभिन्न विभागीय दायित्वों तथा राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य किया। उन्होंने 34 वर्ष 7 माह 1 दिन की शासकीय सेवा पूर्ण कर 31 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्ति प्राप्त की।
अपने संबोधन में श्री वर्मा ने सेवाकाल के दौरान मिले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्नेह और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों की भाषा-शैली और व्यवहार से उन्हें हमेशा परिवार जैसा स्नेह मिला।
समारोह में डॉ. मनीषा मिश्रा, डॉ. संतोष कोतकर, डॉ. कमल प्रजापत, डॉ. धर्मेंद्र प्रजापत, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती श्रुति गौर तोमर सहित चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री गंगासिंह सोलंकी ने किया, जबकि आभार श्री जगदीश चौधरी ने व्यक्त किया।



