Uncategorized

देवास में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 74 हजार रुपये की अवैध शराब और एक्टिवा जब्त, 4 प्रकरण दर्ज



देवास। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने देवास शहर के भवानी सागर सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया ने बताया कि अभियान के दौरान 28 बोतल विदेशी मदिरा, 36 कैन बीयर और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया। जब्त शराब और वाहन का कुल अनुमानित मूल्य करीब 74 हजार रुपये है।

कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, गोकुल प्रसाद, राजश्री खन्ना, राजाराम रायकवार एवं दीपक धुरिया सहित आबकारी मुख्य आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, सुरेंद्र वर्शी, दीपक तथा आबकारी आरक्षक आशीष गुप्ता, निहाल खत्री और निकिता परमार की सक्रिय भूमिका रही।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button