देवास में शिवराज सिंह चौहान का भव्य स्वागत, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में उमड़ा जनसैलाब


जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव के नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक अभिनंदन, देवास विधानसभा में लगाए गए 156 स्वागत मंच
देवास, 01 अगस्त 2026। भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शनिवार को देवास आगमन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं और नागरिकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दिशा समिति की बैठक में शामिल होने के लिए देवास पहुंचे थे। उनके आगमन पर सबसे पहले सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के सरदारपुर (सरदी) क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न स्थानों पर केंद्रीय मंत्री चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने पुष्पहार पहनाकर और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया। इस दौरान विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला।
देवास विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए विशेष और व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में 156 स्वागत मंच स्थापित किए गए, जहां हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार पहनाकर, पुष्पवर्षा कर एवं जयघोष के साथ अपने लोकप्रिय नेता का आत्मीय स्वागत किया। स्वागत यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर उत्साह और जनसमर्थन का माहौल बना रहा। स्वागत कार्यक्रमों के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दिशा समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके।

