अमृत हरित महाअभियान: 31 जुलाई को शंकरगढ़ पहाड़ी पर एक साथ लगाए जाएंगे 9 हजार पौधे


अब तक 71 हजार पौधों का रोपण, नागरिकों से महाअभियान में शामिल होकर पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील
देवास। शहर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम देवास लगातार प्रयासरत है। शासन के निर्देशानुसार आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में संचालित अमृत हरित महाअभियान-2026 के तहत अब तक शहर में जनसहभागिता, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और निकाय निधि के सहयोग से लगभग 71 हजार पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया जा चुका है।
इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 31 जुलाई, शुक्रवार को प्रातः 9 बजे शंकरगढ़ पहाड़ी पर 9 हजार पौधों का सामूहिक पौधारोपण किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
नगर निगम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के प्रति भी जनजागरूकता बढ़ाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार किया जा सके।
महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों से इस महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक नागरिक पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प ले। जनसहभागिता से ही देवास को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।
नगर निगम ने नागरिकों से निर्धारित समय पर शंकरगढ़ पहाड़ी पहुंचकर इस पर्यावरणीय अभियान का हिस्सा बनने और प्रकृति संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।




