Uncategorized

5 साल से फसल बीमा राशि का इंतजार, किसानों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार


लिंबोदा और टिगरिया सांचा क्षेत्र के किसानों ने लंबित बीमा क्लेम की जांच कर राशि दिलाने की मांग की

देवास। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले पांच वर्षों से बीमा राशि नहीं मिलने से परेशान ग्राम पंचायत लिंबोदा एवं टिगरिया सांचा क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। किसानों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें लंबित फसल बीमा क्लेम की राशि शीघ्र दिलाई जाए।
किसानों ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष नियमानुसार फसल बीमा करवाते हैं और बैंक के माध्यम से प्रीमियम राशि भी जमा करते हैं। इसके बावजूद फसल खराब होने के बाद भी उन्हें अब तक बीमा कंपनी की ओर से किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला है।
ग्राम पंचायत लिंबोदा के अंतर्गत आने वाले नेवरी, लिंबोदा और बोडानी तथा ग्राम पंचायत टिगरिया सांचा के टिगरिया सांचा और नारंजीपुर गांवों के किसानों ने ज्ञापन में बताया कि अतिवृष्टि, अल्पवृष्टि और मौसम की अनिश्चितता के कारण कई बार फसलों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन बीमा राशि के लिए लगातार इंतजार करना पड़ रहा है।
किसानों का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से उनके खातों से फसल बीमा प्रीमियम की राशि नियमित रूप से काटी जा रही है, लेकिन नुकसान के समय उन्हें बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पाया। इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों और बीमा कंपनी को शिकायत करने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर संबंधित बीमा कंपनी एवं कृषि तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रभावित किसानों को उनका लंबित बीमा क्लेम मिल सके।
किसानों ने कहा कि फसल बीमा राशि नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button