जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता संपन्न, 300 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए चयन


20 से 22 अगस्त तक जबलपुर में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, चयनित खिलाड़ी 19 अगस्त को होंगे रवाना
देवास। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, देवास कॉरपोरेशन एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं खेल एवं युवक कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस खेल मैदान पर जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 एवं अंडर-23 आयु वर्ग के लगभग 300 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन 20 से 22 अगस्त तक जबलपुर में आयोजित होने वाली मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी देवास जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं देवास कॉरपोरेशन एथलेटिक्स एसोसिएशन की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। सभी चयनित खिलाड़ी 19 अगस्त को जबलपुर के लिए रवाना होंगे।
प्रतियोगिता के दौरान खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाथम ने खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर एवं 60 मीटर दौड़ के अलावा गोला फेंक, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो तथा लॉन्ग जंप जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने सभी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर देवास कॉरपोरेशन एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र गौड़, मनोज सिंह, राजीव श्रीवास्तव, रागिनी चौहान, रेनू सिंह, धर्मेंद्र भदौरिया, सुभाष पेंटर, अजय सिंह, रॉबर्ट निमामा, विल्सन, निरंजन यादव सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में देवास जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।




