सनातन विचार मंच द्वारा कारगिल दिवस एवं सीनिक सम्मान समारोह का आयोजन, 50 पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

देवास। सनातन विचार मंच, देवास द्वारा 26 जुलाई 2025 को मल्हार स्मृति मंदिर में भव्य कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारी श्री अशोक कुमार यादव (आईजी) मुख्य अतिथि एवं कैप्टन सरदार सिंह रावत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रायसिंह सेन्धव ने की। उल्लेखनीय है कि सनातन विचार मंच वर्ष 2000 से निरंतर कारगिल विजय दिवस एवं सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन करता आ रहा है। संस्था ने अपनी इस राष्ट्रभक्ति की परंपरा को कोविड-19 महामारी के कठिन वर्षों में भी बिना किसी व्यवधान के जारी रखा। समारोह में देश की सेवा करने वाले 50 पूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनके अद्वितीय योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रभक्ति गीतों से हुआ, जिसकी प्रभावशाली प्रस्तुति धनराज परमार ने दी। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों ने ऐसा वातावरण बनाया कि सैनिकों के आग्रह पर प्रस्तुत गीत “ये देश हे वीर जवानों का ” पर उपस्थित पूर्व सैनिक एवं श्रोतागण भावविभोर होकर झूम उठे। मुख्य अतिथि अशोक कुमार यादव ने कारगिल युद्ध के अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का त्याग और बलिदान प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीयता और देश के प्रति समर्पण का भाव जागृत करता है। संस्था के संस्थापक रविंद्र भारद्वाज ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के प्रेरणादायी संस्मरण सुनाए। साथ ही अंडमान स्थित सेल्युलर जेल के बाहर स्थापित सात महान क्रांतिकारियों की प्रतिमा —पंडित रामरखा, महावीर सिंह, मोहित मेत्रे , मोहन किशोर नामदास, इंदू भूषण राय, वीर सावरकर सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रायसिंह सेन्धव ने सनातन विचार मंच द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में संचालित सेवा एवं जनजागरण के विभिन्न प्रकल्पों की सराहना करते हुए संस्था के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में जितेंद्र वर्मा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अलकेश दवंडे ने संस्था की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. नवीन नहार ने किया तथा अंत में प्रेमनाथ तिवारी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में पूर्व मंत्री दीपक जोशी, जितेंद्र राठौड़, माखनलाल पटेल, इंद्रपाल सिंह मलिक,, अमरजीत सिंह खनूजा, अजब सिंह ठाकुर,, डॉ. सुरेश शर्मा, सुरेश चौधरी, प्रकाश सिंह , मोहन लाल शर्मा लखनऊ से परवीन तिवारी , इंदौर से राम मेहर खटकर, भारत स्वाभिमान पश्चिम मध्य प्रदेश प्रांत के संगठन मंत्री अनंत जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में पूर्व सैनिक लाखन सिंह राजपूत (जय हिन्द अकादमी) का विशेष सहयोग रहा। वहीं पूर्व सैनिक दिनेश सिंह चौहान का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। संस्था के महासचिव एहतेशाम ने कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं में विशेष भूमिका निभाई।





