फसल बीमा राशि नहीं मिलने पर भुतियाखुर्द के किसानों ने जनसुनवाई में लगाई गुहार

गत वर्ष और वर्तमान वर्ष का बीमा लाभ नहीं मिलने का आरोप, जांच कर राशि दिलाने की मांग
देवास। सोनकच्छ तहसील के ग्राम भुतियाखुर्द के किसानों ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर फसल बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पात्र किसानों को जल्द से जल्द फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए।
किसानों ने आवेदन में बताया कि ग्राम भुतियाखुर्द (प.ह. नं. 34) में उनकी कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज है और वे प्रत्येक वर्ष बैंक एवं सोसायटी के माध्यम से फसल बीमा करवाते हैं। इसके बावजूद उन्हें पिछले वर्ष और वर्तमान वर्ष की फसल बीमा राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार संबंधित पटवारी, बीमा कंपनी और बीमाकर्ता बैंकों से संपर्क किया, लेकिन किसी भी स्तर से संतोषजनक समाधान नहीं मिला। फसल नुकसान के बाद भी बीमा लाभ नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी है।
किसानों ने कलेक्टर से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने, लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने और पात्र कृषकों को शीघ्र फसल बीमा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनकच्छ एवं तहसीलदार सोनकच्छ को भी भेजी गई है।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम भुतियाखुर्द के कृषक कमलसिंह सरपंच, भंवरसिंह संधेव, कुमेर सिंह दरबार, प्रदीपसिंह, सुमेरसिंह, भीमसिंह, डॉ. सुरेंद्रसिंह झाला, गोविंदसिंह, राजेंद्र सिंह गुड्डा जी, मेहरवान सिंह, कोकसिंह, जयसिंह, मुरारी यादव, माखन सिंह, महेंद्रसिंह, ज्ञानसिंह, देवराज सिंह, गौतमामिह, अनोखी प्रजापति, शुभम राणा, सौभाग्य सिंह एवं नितेश पाठक सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




