जनसुनवाई को बनाया जा रहा अधिक प्रभावी, शिकायतों के 7 दिन में निराकरण के निर्देश

पुलिस अधीक्षक बोले— समयबद्ध कार्रवाई से बढ़ेगा जनता का विश्वास, छोटी शिकायतों का होगा त्वरित समाधान
देवास। जिले में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आयोजित होने वाली साप्ताहिक पुलिस जनसुनवाई को और अधिक परिणाममुखी बनाया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संबंधित थाना स्तर पर गंभीरता से परीक्षण कर 7 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन तैयार किया जाए और अगली जनसुनवाई से पहले प्रस्तुत किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अगली जनसुनवाई में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट और निराकरण की समीक्षा भी की जाएगी, ताकि किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब न हो। इससे शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन रही है। सभी राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों की समग्र समीक्षा होने से निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कई बार छोटी शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने से विवाद बढ़कर गंभीर अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति का रूप ले लेते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक सशक्त और जवाबदेह बनाया गया है, ताकि प्रारंभिक स्तर पर ही समस्याओं का समाधान किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि 7 दिवसीय समयबद्ध निराकरण व्यवस्था से शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी और पुलिस प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास भी और मजबूत होगा। साथ ही जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं पारदर्शिता का वातावरण स्थापित होगा।





