Uncategorized

गुरु पूर्णिमा पर समरसता दीप प्रज्वलन से होगा संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती समारोह का शुभारंभ



29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान, जिलेभर के मंदिरों में पूजन-अर्चन, महाआरती और प्रसाद वितरण के होंगे आयोजन

देवास। प्रदेश भाजपा संगठन के निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। पांच चरणों में आयोजित होने वाले इस अभियान का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सामूहिक समरसता दीप प्रज्वलन कार्यक्रम से होगा।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं संत गुरु रविदास जयंती कार्यक्रम के जिला संयोजक प्रमोद डोंगलिया ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण के तहत जिले के प्रत्येक मंडल के 15 स्थानों पर समरसता दीप प्रज्वलन, पूजन-अर्चन, महाआरती एवं प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देवास नगर में शाम 7 बजे होगा मुख्य आयोजन
देवास नगर के नई आबादी स्थित संत गुरु रविदास मंदिर में बुधवार, 29 जुलाई को शाम 7 बजे मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, कार्यक्रम जिला प्रभारी कपिल सिंह पंवार सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान संत गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन, सामूहिक समरसता दीप प्रज्वलन, भव्य महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
रेवाबाग और नेमावर में भी होंगे आयोजन
रेवाबाग स्थित संत गुरु रविदास मंदिर में रात्रि 8 बजे पूजन-अर्चन, समरसता दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। वहीं नेमावर के मां नर्मदा घाट पर भी संत गुरु रविदास महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में पूजन-अर्चन, सामूहिक दीप प्रज्वलन, महाआरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, समाजसेवी, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
तैयारियां पूरी, टोली का गठन
समरसता संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर टोली का गठन कर लिया गया है। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार एवं सह मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने संयुक्त रूप से दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button